मंडी। नाचन क्षेत्र के चैलचौक में आयोजित देवता की स्थापना कार्यक्रम में सार्वजनिक रूप से पशु बलि देने की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। एनजीओ राइट फाउंडेशन के अध्यक्ष सुरेश कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया है कि वीरवार सुबह आयोजित कार्यक्रम के दौरान पशु बलि दी गई।
सुरेश कुमार का कहना है कि इस घटना से न केवल उच्च न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन हुआ है, बल्कि पशु क्रूरता अधिनियम का भी उल्लंघन किया गया है। उनका आरोप है कि सैकड़ों लोग और बच्चे इस घटना के गवाह थे और चौक पर लगे सरकारी सीसीटीवी कैमरे में पशु बलि देने की यह घटना रिकॉर्ड हो गई है।
शिकायतकर्ता ने कहा कि जब बलि दी जा रही थी तो पुलिस भी वहां मौजूद थी। पुलिस ने घटना को न रोककर उच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना की। सुरेश कुमार ने इस संबंध में सीएम, डीजीपी पुलिस, एसपी मंडी और गोहर पुलिस से एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। इस पर गोहर पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम (11) के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी साक्षी वर्मा ने शिकायत की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने इस संबंध में सीएम,डीजीपी पुलिस, एसपी मंडी और गोहर पुलिस से इस मामले पर एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई थी। जिस पर गोहर पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम (11) के तहत एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी साक्षी वर्मा ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।