डडयाल में परिजनों को घर में रहने की हिदायत
अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड के साथ फील्ड में डटा स्टाफ
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर में स्वाइन फ्लू से बुजुर्ग की मौत के बाद सिविल अस्पताल प्रशासन सतर्क हो गया है। अस्पताल प्रशासन ने कोविड काल में तैयार किए गए आइसोलेशन वार्ड की समीक्षा की है। साथ ही सुंदरनगर के वार्ड नंबर चार के डडयाल में मृतक के परिजनों को घर में रहने और मास्क पहनने की सख्त हिदायत दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने मृतक के सगे संबंधियों और परिचितों से भी एहतियात बरतने की अपील की है। उन्हें फिलहाल परिवार से मिलने और सांत्वना देने के लिए घर न जाने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम आशा वर्कर और सुपरवाइजर के माध्यम से परिवार व आसपास के लोगों से संबंधित जानकारी जुटा रही है।
अस्पताल प्रशासन ने कहा कि सिविल अस्पताल किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। शहरवासियों से अपील की गई है कि स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचना दें।
एसएमओ डॉ. चमन ठाकुर ने बताया कि अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड पहले से तैयार है। मामले के सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और फील्ड से भी रिपोर्ट तलब की जा रही है।