शादियों में शराब परोसने की बढ़ती परंपरा के बीच हिमाचल प्रदेश में एक पूर्व सैनिक ने नशामुक्त विवाह को बढ़ावा देने के लिए अनूठी पहल शुरू की है। पंचायत समिति चौंतड़ा के वार्ड नंबर-9 टिकरू से सदस्य एवं पूर्व सैनिक दलीप सिंह की मुहिम अब रंग लाने लगी है। शराब मुक्त शादी करने वाले परिवारों को वह अपनी सैन्य पेंशन से 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दे रहे हैं। बीती 25 नवंबर की रात क्षेत्र के खजूर गांव में पल्लवी की शादी बिना शराब परोसे संपन्न हुई। इस पहल से खुश होकर दलीप सिंह ने अपने संकल्प के मुताबिक आयोजक परिवार को 11 हजार रुपये की राशि शगुन के तौर पर भेंट की।
ग्राम सभा में किया था 11 हजार रुपये देने का एलान
दलीप सिंह ने अगस्त माह में ग्राम पंचायत मैण भरोला की ग्राम सभा में घोषणा की थी कि यदि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार अपनी बेटियों की शादी बिना शराब के करते हैं तो वह अपनी सैन्य पेंशन से उन्हें 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देंगे। इससे पहले भी एक परिवार ने बिना शराब के शादी संपन्न करवाई थी, लेकिन उस परिवार ने सम्मानस्वरूप राशि लेने से इनकार कर दिया था। अब खजूर गांव में दूसरी ऐसी शादी के आयोजन के साथ उनकी मुहिम को प्रोत्साहन मिला है।