मंडी शहर में लगा बीबीएमबी का अलार्मिंग सिस्टम। संवाद
छह चेतावनी सिस्टम चालू, 1.04 करोड़ रुपये से स्थापित है अलार्मिंग सिस्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। पंडोह डैम से पानी छोड़े जाने के दौरान नदी किनारे रहने वाले लोगों और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने पंडोह डैम से मंडी शहर तक छह अलार्मिंग सिस्टम स्थापित किए हैं। डैम सेफ्टी एक्ट-2021 के दिशा-निर्देशों के तहत लगाए गए ये सभी सिस्टम अब पूरी तरह कार्यशील हो चुके हैं। डैम से पानी छोड़े जाने से करीब 30 मिनट पहले हूटर बजाकर लोगों को सतर्क किया जाएगा।
अलार्मिंग सिस्टम स्थापित करने का कार्य 30 अप्रैल को पूरा कर लिया गया था। इसके बाद सभी तकनीकी परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे होने पर इन्हें पूरी तरह से चालू कर दिया गया। इस परियोजना पर 1.04 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
हूटर के साथ वॉयस अनाउंसमेंट की भी सुविधा
अलार्मिंग सिस्टम में केवल हूटर ही नहीं, बल्कि वॉयस अनाउंसमेंट की भी सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। सामान्य परिस्थितियों में हूटर बजाकर लोगों को सतर्क किया जाएगा, जबकि आवश्यकता पड़ने पर प्री-रिकॉर्डेड या लाइव वॉयस संदेशों के माध्यम से भी जरूरी जानकारी दी जा सकेगी।
अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता, बीबीएमबी, पंडोह चंद्रमणी शर्मा ने बताया कि बीबीएमबी का अलार्मिंग सिस्टम पूरी तरह कार्यशील कर दिया गया है। लोगों को जागरूक करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इसका इस्तेमाल किया जा रहा है।