करसोग उपमंडल में स्यांज बगड़ा में ठेके को बंद करवाने के लिए मौके पर पहुंचे ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
करसोग (मंडी)। उपमंडल के स्यांज बगड़ा में खुले शराब ठेके के विरोध में पंचायत प्रतिनिधियों और सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। पंचायत प्रधान स्यांज बगड़ा राजकुमार की अगुवाई में लगभग 160 ग्रामीणों ने लामबंद होकर ठेके के बाहर नारेबाजी की। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन, ग्रामीण शांत नहीं हुए। विवश होकर ठेकेदार को वहां से शराब हटानी पड़ी। ठेकेदार ने ठेके से शराब को हटाकर केलोधर पहुंचाया।
एएसआई स्वरूप राम की अगुवाई में मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांति बनाये रखने का आग्रह किया। पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीणों ने पुलिस के माध्यम से एसडीएम और आबकारी एवं कराधान अधिकारी करसोग को ज्ञापन दिया। एएसआई स्वरूप ने बताया कि ग्रामीणों ने शराब ठेका खोलने के खिलाफ भारी रोष है। पुलिस ने मौके पर जाकर ग्रामीणों को शांत करवाया है। ठेके को फिलहाल बंद करवाया जा रहा है। पंचायत प्रधान राजकुमार ने बताया कि पूरी पंचायत की जनता इस ठेके का विरोध कर रही है। जिसके लिए ग्राम पंचायत स्यांज ने विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया था। सोमवार को एसडीएम करसोग को सभी ग्रामीणों की तरफ से ठेके के विरोध में ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस पंचायत में किसी भी सूरत में शराब का ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा।