18 मई से 11 जून तक रहेगा अवकाश, नई शिक्षा नीति के तहत होंगे प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बलद्वाड़ा (मंडी)। राजकीय महाविद्यालय बलद्वाड़ा में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया एक जून से शुरू होगी। विद्यार्थी 19 जून तक ऑनलाइन प्रवेश फॉर्म भर सकेंगे। महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
महाविद्यालय में विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश दिए जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए प्रवेश पोर्टल एक जून से खोल दिया जाएगा, जहां वे अपनी रुचि के अनुसार विषयों का चयन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया के दौरान 12वीं कक्षा का परिणाम पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा। प्रवेश फॉर्म के साथ एंटी रैगिंग फॉर्म भरना भी जरूरी रहेगा।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति के तहत दाखिला दिया जाएगा और शिक्षा का प्रारूप भी नई शिक्षा नीति के अनुरूप रहेगा। महाविद्यालय में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के लिए योग्य और अनुभवी शिक्षक उपलब्ध हैं।
उधर, सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार महाविद्यालय में 18 मई से 11 जून 2026 तक अवकाश रहेगा। यह अवकाश केवल शैक्षिक स्टाफ और विद्यार्थियों के लिए होगा। गैर शिक्षक कर्मचारी और अधिकारी नियमित रूप से अपनी सेवाएं देते रहेंगे तथा महाविद्यालय के अन्य प्रशासनिक कार्य पूर्ववत चलते रहेंगे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय शर्मा ने छात्र-छात्राओं से समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।