नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने का आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मौसम विभाग ने मंडी जिले में शुक्रवार 3 जुलाई को भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने की अपील की है।प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों, ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों और भूस्खलन संभावित स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा और आवाजाही से बचने का भी आग्रह किया गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की चेतावनी के अनुसार जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही जोखिम भरी साबित हो सकती है। उन्होंने लोगों से स्वयं सतर्क रहने और अपने परिवार के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। पर्यटकों से भी मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने और आवश्यक सावधानी बरतने का अनुरोध किया गया है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए जिला प्रशासन मंडी ने कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। जरूरत पड़ने पर लोग 01905-226201, 01905-226202, 01905-226203, 01905-226204, टोल फ्री नंबर 1077, 85447-71889 और 94594-55714 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।