चालान का विरोध करते दुकानदार।
- फोटो : अमर उजाला
मंडी। शहर में दुकानों के आगे बनी पटड़ियों पर सामान रखने पर चालान करने के विरोध में उग्र हुए शहर के व्यापारियों ने बुधवार को दुकानें बंद रखीं। व्यापार मंडल ने पिछले छह दिनों से शहर में व्यापारियों के लगातार चालान काटे जाने के विरोध में बंद का आह्वान किया था। जिस पर बुधवार को व्यापारियों ने दुकानें बंद रखी। इसके बाद व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से शहर में पेश आ रही समस्या के समाधान की मांग उठाई।
बुधवार को दस बजे के करीब सभी व्यापारी चौहटा बाजार में एकत्र हुए। इसके बाद व्यापारी पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा से मिलने उनके आवास पर गए। व्यापारियों ने मंत्री को चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र के माध्यम से शहर में पटड़ियों पर पड़े सामान का चालान न काटने, काटे गए चालानों को रद्द करने, फुटपाथ तथा दुकान के बीच में पीली लाइन लगाने व अधिकारियों और व्यापारियों की संयुक्त कमेटी का गठन करने आदि मसलों को उठाया गया। मंत्री अनिल शर्मा ने व्यापारियों की मांग पर उनकी उपस्थिति में ही उपायुक्त मंडी को व्यापारियों की वाजिब मांगों पर कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। इसके बाद व्यापारी वर्ग ने उपायुक्त संदीप संदीप कदम को उनके कार्यालय में मांगपत्र सौंपा। व्यापार मंडल के प्रधान अशोक कुमार, महासचिव राजेश महेंद्रु, सचिव हरमीत सिंह बिट्टू ने कहा कि गत 5-6 दिनों से शहर के दुकानदारों के दुकानों के आगे सामान रखने पर चालान काटे जा रहे थे। मंगलवार को जब व्यापारियों ने अधिकारियों के चालान काटने का विरोध किया तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। प्रशासन की कार्रवाई से शहर भर के व्यापारियों में रोष पनप रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने पंचायती राज मंत्री के निर्देशों के बाद व्यापारियों की चार सूत्रीय मांगों को स्वीकार कर लिया है।
दोपहर बाद दुकानें खोलने पर जताया विरोध
उपायुक्त से मिलने के बाद मांगों की स्वीकृति का आश्वासन मिलते ही कुछ व्यापारियों ने दुकानें खोलना शुरू कर दीं। जिसका मोती बाजार के सर्राफा कारोबारियों ने विरोध किया है। मोती बाजार के कारोबारियों को कहना था कि सुबह से कारीगरों को बंद के चलते छुट्टी पर भेज दिया है। इसके बाद इन व्यापारियों की मांग पर चौहटा बाजार में दुकानें बंद रखीं। इसके अलावा भूतनाथ, चंद्रलोक गली और इंदिरा मार्केट के आसपास दुकानें दोपहर बाद खोल दीं।