जोगिंद्रनगर (मंडी)। दिवाली पर्व पर मंडी जिले में चीनी का अतिरिक्त स्टॉक न पहुंचने से उपभोक्ताओं को दिवाली फीकी रहने की चिंता सता रही है। जोगिंद्रनगर, पधर, चौंतड़ा और लडभड़ोल खंडों के 60 से अधिक राशन डिपो में उपभोक्ताओं को अक्तूबर में मिलने वाली सौ ग्राम अतिरिक्त चीनी नहीं मिल पाई है।
एक लाख उपभोक्ताओं को 200 क्विंटल से अधिक अतिरिक्त चीनी की मांग रहती है, जो अभी तक पहुंच नहीं पाई है। अक्तूबर में 500 ग्राम प्रति राशन कार्ड उपभोक्ताओं को करीब 450 क्विंटल चीनी बांटी जा चुकी है। मुख्य अनाज भंडारण की प्रभारी वंदना का कहना है कि जोगिंद्रनगर के मुख्य अनाज भंडारण केंद्र से राशनकार्ड उपभोक्ताओं को अक्तूबर में मिलने वाली चीनी का स्टॉक संबंधित डिपो के हवाले कर दिया है। दीपावली पर्व पर विभाग के आदेश और अतिरिक्त स्टॉक पहुंचने के बाद सौ ग्राम चीनी का लाभ भी मिलेगा। संवाद