सुंदरनगर में डीएवी स्पोर्ट्स क्लस्टर प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। डीएवी विद्यालय सुंदरनगर में आयोजित डीएवी स्पोर्ट्स 2026-27 के तहत क्लस्टर स्तरीय खेल प्रतियोगिता में विभिन्न डीएवी विद्यालयों के अंडर-14, 17 और अंडर-19 आयु वर्ग के करीब 350 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में शतरंज, क्रिकेट, हैंडबाल, बास्केटबाल, बॉक्सिंग और स्किपिंग रोप की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
बास्केटबाल प्रतियोगिता के अंडर-14 बाल वर्ग में डीएवी कटराई की टीम विजेता और डीएवी कुल्लू उपविजेता रही। क्रिकेट के अंडर-19 बाल वर्ग में डीएवी सुंदरनगर विजेता तथा डीएवी मंडी उपविजेता रही। अंडर-17 बाल वर्ग में डीएवी मंडी ने खिताब जीता जबकि डीएवी कुल्लू उपविजेता रही। अंडर-14 बाल वर्ग में डीएवी कुल्लू विजेता और डीएवी नेरचौक उपविजेता रही।
हैंडबाल के अंडर-14 बाल वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल बीएसएल पंडोह विजेता तथा डीएवी कुल्लू उपविजेता रही। बालिका वर्ग में डीएवी सुंदरनगर ने पहला स्थान हासिल किया जबकि डीएवी जमधल दूसरे स्थान पर रही। शतरंज के अंडर-14 बाल वर्ग में डीएवी मंडी विजेता और डीएवी सुंदरनगर उपविजेता रहे। इसी वर्ग की बालिका स्पर्धा में डीएवी सुंदरनगर विजेता तथा डीएवी मंडी उपविजेता रही। अंडर-17 बाल और बालिका वर्ग में भी डीएवी सुंदरनगर ने खिताब जीता जबकि डीएवी मंडी उपविजेता रही। अंडर-19 बाल वर्ग में डीएवी सुंदरनगर विजेता और डीएवी मनाली उपविजेता रहा।
स्किपिंग रोप प्रतियोगिता के अंडर-14 बाल वर्ग में डीएवी मंडी विजेता और डीएवी सुंदरनगर उपविजेता रहे। अंडर-14 बालिका वर्ग में डीएवी मनाली विजेता तथा डीएवी सुंदरनगर उपविजेता रही। अंडर-17 बालिका वर्ग में डीएवी सुंदरनगर विजेता और डीएवी मंडी उपविजेता रही।
बॉक्सिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 के 44-46 किलोग्राम भार वर्ग में डीएवी सुंदरनगर के आदर्श ने स्वर्ण और डीएवी मंडी के अरिहंत ने रजत पदक जीता। 48-50 किलोग्राम वर्ग में डीएवी सुंदरनगर के आदित्य ने स्वर्ण, डीएवी मंडी के आर्नव ने रजत और डीएवी नेरचौक के स्वरित ने कांस्य पदक प्राप्त किया। अंडर-17 बॉक्सिंग के 48-50 किलोग्राम वर्ग में डीएवी नेरचौक के बलजीत ने स्वर्ण, डीएवी सुंदरनगर के अर्पित ने रजत और डीएवी मंडी के नक्ष ठाकुर ने कांस्य पदक जीता। 52-54 किलोग्राम वर्ग में डीएवी नेरचौक के देवांश ने स्वर्ण पदक हासिल किया। 54-57 किलोग्राम वर्ग में डीएवी सुंदरनगर के अर्जुन ने स्वर्ण, डीएवी मंडी के शॉन ने रजत और डीएवी नेरचौक के सतकरन ने कांस्य पदक जीता।
63-66 किलोग्राम वर्ग में डीएवी नेरचौक के शिवांग ने स्वर्ण और डीएवी मंडी के श्रेयस ने रजत पदक हासिल किया। 66-70 किलोग्राम वर्ग में डीएवी सुंदरनगर के ध्रुव ने स्वर्ण और डीएवी नेरचौक के काव्यांश ने रजत पदक प्राप्त किया। चयनित खिलाड़ी सितंबर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। मेजबान विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहित चुघ ने सभी मैच अधिकारियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया।