संवाद न्यूज एजेंसी
डैहर (मंडी)। सुंदरनगर में घरेलू रसोई गैस वितरण को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। वीरवार को एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने उपमंडल के सभी इंडेन गैस डीलरों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में खाद्य निरीक्षक मोहिंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से शिकायतें मिली हैं कि गैस सप्लाई वाहन बिना समय की जानकारी दिए लौट जाते हैं। वहीं, फोन करने पर उपभोक्ताओं को सही जानकारी नहीं मिल पाती, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
एसडीएम ने डीलरों को निर्देश दिए कि प्रत्येक क्षेत्र के लिए स्पष्ट रूट चार्ट तैयार कर उसे सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित किया जाए। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति की तारीख और समय की जानकारी उपलब्ध करवाई जाए।
उन्होंने पात्र उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी प्रक्रिया जल्द पूरी करने और गैस बुकिंग व डीएसी प्रणाली को सरल बनाने के भी निर्देश दिए। एसडीएम ने चेतावनी दी कि भविष्य में अनियमितता या शिकायत मिलने पर संबंधित डीलर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।