जोगिंद्रनगर (मंडी)। चंबा और मंडी के बाद कुल्लू जिले में तैनात पटवारी और कानूनगो पर हुए जानलेवा हमलों को लेकर जोगिंद्रनगर संयुक्त पटवारी, कानूनगो महासंघ ने पुलिस और प्रशासन को दोटूक चेतावनी दी है। संघ का कहना है कि अगर हमलावरों को सलाखों के पीछे न धकेला गया तो प्रदेशभर में आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस दौरान हाईवे पर उतरकर राजस्व कर्मचारी आक्रोश रैलियां निकालेंगे। जरूरत पड़ने पर राजस्व कार्यों का बहिष्कार भी किया जाएगा। एसडीएम मनीश चौधरी को ज्ञापन सौंपने के बाद संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो महासंघ इकाई जोगिंद्रनगर के अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि भूमि सीमांकन, निशानदेही एवं संवेदनशील राजस्व कार्यों के दौरान पटवारी एवं कानूनगो पर लगातार हो रहे हमले कानून व्यवस्था एवं राज्य सरकार की साख पर सीधा आघात है। संवाद