बल्ह पुलिस ने निजी बस को कब्जे में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। नेरचौक में एचआरटीसी बस के परिचालक के साथ हुए विवाद के मामले में बल्ह पुलिस ने नामजद व्यक्ति हंसराज को पूछताछ के लिए तलब किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे छोड़ दिया गया। पुलिस ने संबंधित निजी बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंडी-छतरी रूट पर चलने वाली एचआरटीसी बस के परिचालक संतोष कुमार ने शिकायत में आरोप लगाया है कि बुधवार को नेरचौक में निजी बस ऑपरेटर के कथित एजेंट हंसराज के साथ उसका विवाद हुआ। परिचालक के अनुसार हंसराज ने बस का दरवाजा बार-बार बंद किया। इस पर आपत्ति जताने पर उसके साथ गालीगलौज की गई और थप्पड़ मारे गए।
शिकायत के मुताबिक घटना के बाद बस चालक वाहन को रत्ती थाना ले गया। इसके चलते बस सेवा प्रभावित हुई और छतरी रूट पर बस निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सकी। परिचालक की शिकायत के आधार पर बल्ह पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना पर निगम बस परिचालक यूनियन ने कड़ी आपत्ति जताते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि एचआरटीसी परिचालक के साथ हुई घटना की जांच की जा रही है।