सुंदरनगर में 11 मई को गन प्वाइंट पर लूटपाट के चार आरोपियों को यूपी पुलिस ने पकड़कर स्थानीय पुलिस को सौंपा। कोर्ट में पेशी के बाद कस्टडी ट्रांसफर हुआ। अब चोरी की घटनाओं के खुलासे की संभावना बढ़ गई है।
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर में 11 मई को गन प्वाइंट पर लूटपाट करने के चार आरोपियों को वीरवार को सुंदरनगर के कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने कस्टडी ट्रांसफर के तहत इन आरोपियों को सुंदरनगर पुलिस को 24 घंटे के लिए सौंप दिया है। आरोपी जावेद, सलमान, सरताज और शाहिद को यूपी पुलिस के 12 जवानों ने सुंदरनगर पहुंचाया। आरोपियों को सौंपने के बाद यूपी पुलिस लौट गई।
विज्ञापन
आरोपियों को सुंदरनगर कोर्ट में पेश करने के दौरान पूरे परिसर की सुरक्षा चाक चौबंद रही। आरोपियों के यूपी से वापस आने के बाद अब चोरी की घटनाओं की गुत्थियां सुलझने की उम्मीद है। हालांकि यूपी पुलिस ने मंडी से चुराई बाइक और आभूषण बीएसएल थाना सुंदरनगर को पहले ही सौंपे दिए हैं।
अब इन्हें कोर्ट के माध्यम से मालिक को देने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। बीते 11 मई को नया बाजार में हथियार की नोक पर हुई लूटपाट की इस वारदात में बाहरी राज्यों के आरोपियों का हाथ सामने आया था। प्रारंभिक जांच में उन्हें मुजफ्फरनगर से यूपी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दबोचा था। उधर, डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि शुक्रवार को आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।