मंडी। हेरोइन के साथ पकड़े गए एक आरोपी को विशेष अदालत (एक) ने जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। सदर तहसील के दरमयाना मोहल्ला निवासी जतिन की जमानत याचिका को स्वीकारते हुए उसे सशर्त रिहा करने के आदेश दिए हैं। पुलिस का दल बीते 22 अप्रैल को इंदिरा मार्केट में मौजूद था।
पुलिस ने सूचना पर ब्यूटी पार्लर में दबिश दी तो आरोपी जतिन काउंटर पर बैठा था। पुलिस ने पार्लर की तलाशी ली तो वहां पर तोलने की मशीन और 17 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस की धारा 21 के तहत मामला दर्ज करके हिरासत में लिया था। आरोपी ने जमानत पर रिहा करने के लिए अर्जी दायर की थी। अदालत ने याचिका के फैसले में कहा कि आरोपी पर इसी तरह का कोई अन्य मामला दर्ज नहीं है। इसके अलावा आरोपी से बरामद हेरोइन की मात्रा व्यावसायिक न होने के कारण उसे सशर्त जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। संवाद