मंडी। मंडी शहर में चिट्टा तस्करी में पकड़े मुख्य आरोपी चिरंजी लाल की वित्तीय जांच होगी। वित्तीय जांच कर काली कमाई से बनाई गई संपत्ति को पुलिस जब्त करेगी। कुछ ही समय में लाखों की संपत्ति जुटाने वाले चिरंजी पर मंडी पुलिस की लंबे समय से नजर थी, लेकिन वह माल के साथ हत्थे नहीं चढ़ रहा था। अब बड़ी खेप पकड़ी जाने पर पुलिस चौतरफा कार्रवाई में जुट गई है। बीते शनिवार रात को मंडी शहर के खलियार में नाकाबंदी करते हुए पुलिस ने रात करीब 10:00 बजे एक कार सवार दो चिट्टा तस्करों को 288 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले काफी समय से मंडी, पधर व जोगिंद्रनगर इलाके में चिट्टा तस्करी में सक्रिय थे। जबकि मनाली तक माल पहुंचा रहे थे। यह माल भी किसी को डिलीवर किया जाना था। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आरोपी ने यह चिट्टा खेप किससे ली थी। चिरंजी लाल युवा अवस्था से चिट्टा तस्करी में शामिल हो गया और पहले भी चिट्टा तस्करी में गिरफ्तार हुआ। अब पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी सागर चंद्र ने बताया कि मामले में गहनता के साथ जांच पड़ताल की जा रही है।