गोहर (मंडी)। बस्सी पंचायत में एक किसान की बाइक दुर्घटना में मौत हो गई है। घर जाते समय कुछ दूरी पर ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। लोगों ने घायलावस्था में बाइक सवार को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की लेकिन उससे पहले ही बाइक सवार ने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान मनोहर लाल (41) पुत्र परम देव निवासी सुमन्ना के रूप में हुई है। एसपी गुरदेव चंद शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मनोहर बस्सी से अपने घर जा रहा था कि घर से कुछ दूरी पर ही उसने बाइक पर से अपना नियंत्रण खो दिया और सड़क पर गिर गया। उसे सिर पर गंभीर चोटें लगीं। लोगों ने उसे तुरंत गाड़ी में गोहर सिविल अस्पताल उपचार के लिए ले जाना चाहा लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर इसे परिजनों को सौंप दिया है। प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 10 हजार की राशि प्रदान की गई है।