मंडी। मंडी-कोटली मार्ग पर मंगलवार देर रात एक स्कूटी अनियंत्रित होकर त्रोकड़ा नाला में जा गिरी। इस हादसे में स्कूटी सवार की मौत हो गई है। हादसे का पता बुधवार सुबह चला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस चौकी कोटली में दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान तुंगल घाटी के सदयाणा निवासी बृजलाल (48) पुत्र बालक राम के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बृजलाल कोटली बाजार में काम करता था। मंगलवार रात काम खत्म करने के बाद वह स्कूटी से घर जा रहा था। रास्ते में त्रोकड़ा नाला के पास स्कूटी सड़क से नीचे लुढ़क गई। रात को घटना का पता न चलने पर बुधवार सुबह लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने घटना स्थल पर पहुंच कर शव कब्जे में लेकर मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी और क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक मंडी गुरुदेव शर्मा ने की है।