उपमंडल की सिद्धपुर पंचायत के डेढ़ल गांव में एक बुजुर्ग व्यक्ति की पेड़ से गिरकर मौत हो गई। गांववालों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव का पोस्टमार्टम करके शव को परिजनों को सौंप दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेलाराम (74) घर में अकेला रहता था और अपनी गुजर बसर के लिए गाय पाल रखी थी। उसकी विधवा बहु सोलन में नौकरी करती है और पोता भी वहीं अपनी मां के साथ पढ़ता है। स्कूलों में छुट्टियां होने के कारण वे दादा के पास आया था। गत दिन तीन बजे के करीब वह पेड़ से गाय को घास लाने गया और वहीं पर पेड़ से सिर के बल नीचे गिर गया तथा सुनसान जगह होने के कारण उसे किसी ने नहीं देखा।
शाम अंधेरा होने के बाद जब उसका पोता दोस्तों के साथ खेल कर घर आया तो उसे अपने दादा को पुकारा। दादा को घर पर न पाकर पोता दादा को ढूंढने निकल पड़ा। दादा का कहीं भी पता नहीं चला। सवेरा होने पर गांव वालों ने बेलाराम को सुनसान जगह पर सिर के बल पड़ा देखा। सिर में चोट लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।
गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने घटनास्थल पर आकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी और नागरिक अस्पताल सरकाघाट में शव का पोस्टमार्टम करवा शव को परिजनों को सौंप दिया। डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।