चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर जड़ोल के निकट एक स्कूटी के स्किट हो जाने से उसमें सवार दंपति और बच्चा सड़क में जा गिरे। इसी दौरान पीछे से आ रहे पानी के टैंकर की चपेट में आने से मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल पति को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भरती करवाया गया है। मृतक यहां के बनायक के रहने वाले थे।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार बनायक निवासी दीप सिंह अपनी पत्नी व बेटे के साथ स्कूटी पर सवार हो शनिवार दोपहर बाद सलापड़ की ओर जा रहा था। जब वह जड़ोल के निकट पहुंचे तो उनकी स्कूटी स्किट होकर सड़क में जा गिरी। जिसके कारण दीप सिंह उसकी पत्नी सपना और बेटा आयुष भी सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक पानी के टैंकर चालक का ध्यान सड़क पर गिरे हुए दंपति व उसके बच्चे पर नहीं पड़ा, जिसके कारण टैंकर स्कूटर सहित उन पर जा चढ़ा।
टैंकर से कुचल कर सपना (30) और उसके बेटे आयुष (7) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दीप सिंह (40) हादसे में गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर तहसीलदार वेद प्रकाश व पुलिस दल मौके पर पहुंचा। तहसीलदार वेद प्रकाश ने बताया कि प्रशासन ने प्रभावित परिवार को फौरी सहायता के रुप में 20 हजार की राशि प्रदान की है।
डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया शवों को पोस्टमार्टम नागरिक अस्पताल में करवाया जा रहा है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच आरंभ कर दी है। इधर, मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, जिला भाजपा के अध्यक्ष राकेश जम्बाल व पूर्व मंत्री रुप सिंह ठाकुर ने इस घटना पर शोक जताया है।