सरकाघाट (मंडी)। क्षेत्र के रसैण गलू के समीप शुक्रवार रात्रि को एक ऑल्टो कार दो सौ फुट गहरी खाई में जा लुढ़की। हादसे में कार सवार अध्यापक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर छानबीन की। मामला दर्ज कर सरकाघाट पुलिस जांच में जुट गई है। हादसे का कारण चालक द्वारा वाहन तेज गति व लापरवाही से चलाना माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार सरकाघाट के रखोह निवासी बुद्धि सिंह (52) पुत्र बीरी सिंह सरकाघाट से ऑल्टो कार में शुक्रवार रात्रि को करीब 11 बजे सरकाघाट-चोलथरा वाया रसैण गलू सड़क से घर जा रहा था कि रसैण गलू के पास कार दो सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक अध्यापक बुद्धि सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। कार खाई में गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण एकत्रित हो गए।
रस्सी की मदद से खाई में उतरे लोगों ने कार सवार को सड़क तक पहुंचाया और नागरिक अस्पताल सरकाघाट ले आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मृतक बुद्धि सिंह राजकीय केंद्रीय पाठशाला रखोह में बतौर अध्यापक कार्यरत थे। इधर, डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि इस दुघर्टना में आईपीसी की धारा 279, 304 ए के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है।