विद्यार्थियों के लिए काउंसलिंग भी होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर शनिवार से खुल गया। महाविद्यालय में शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियां फिर से शुरू हो गई हैं। इसके साथ ही शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चल रही प्रवेश प्रक्रिया भी तेज हो गई है।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया 19 जून तक जारी रहेगी। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रवेश समितियां सक्रिय रूप से कार्य करेंगी और प्रवेश संबंधी जानकारी व मार्गदर्शन उपलब्ध करवाएंगी। विद्यार्थियों की रुचि, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए काउंसलिंग भी की जाएगी, ताकि वे विषयों का उचित चयन कर सकें। महाविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के तहत बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास, मूल्यवर्धित पाठ्यक्रम, इंटर्नशिप और रुचि आधारित विषय चयन की सुविधा उपलब्ध है। प्राचार्य रमेश धलारिया ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से समय पर प्रवेश लेने की अपील की है, ताकि शैक्षणिक सत्र सुचारू रूप से शुरू किया जा सके।