खराब बुनियादी सुविधाओं, बॉयज हॉस्टल मेस, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था सहित 10 मांगें उठाईं
जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी इकाई ने शनिवार को महाविद्यालय में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रधानाचार्य का घेराव किया। परिषद कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के समक्ष विद्यार्थियों की समस्याएं रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो छात्रहित में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
एबीवीपी इकाई अध्यक्ष कर्ण धामी का कहना है कि महाविद्यालय के कई कक्षों में लाइटें, पंखे और बेंच खराब होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परिषद ने मांग की कि महाविद्यालय के सभी कक्षों में खराब लाइटों, पंखों और टूटी बेंचों की जल्द मरम्मत करवाई जाए। परिसर में सुरक्षा गार्ड नियुक्त किए जाएं, पेयजल टंकियों की नियमित सफाई कर नए वाटर कूलर लगाए जाएं तथा विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की जाए।
एबीवीपी ने बॉयज हॉस्टल के मैस का टेंडर तत्काल जारी करने की भी मांग उठाई। इसके अलावा सभी विद्यार्थियों को शीघ्र पहचान-पत्र उपलब्ध कराने, शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, बीबीए कक्ष संख्या-106 में बनाई गई दीवार हटाने, परिसर में पर्याप्त कूड़ेदान लगाने की मांग रखी। परिषद पदाधिकारियों में इकाई मंत्री अमित ठाकुर, अनामिका, सिमरन, कनिका, तनु व अन्य ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर पहले भी कई बार ज्ञापन, हस्ताक्षर अभियान और प्रदर्शन किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ रही है। उधर, प्राचार्य संजीव कुमार ने बताया कि सफाई समस्या के बारे में ठेकेदार को चेतावनी दी गई है। स्पीड ब्रेकर लगाने व सिक्योरिटी गार्ड रखने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।