कोटली उपमंडल के धनियारा में दलदल में फंसा ट्रक। संवाद
स्कूली वाहन, परिवहन निगम की बस लेट होने से छात्र-यात्री परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटली (मंडी)। उपमंडल कोटली के अंतर्गत ग्राम पंचायत धनियारा में सुबह करीब पौने नौ बजे नेशनल हाईवे 003 में सीमेंट से भरा एक ट्रक दलदल में फंस गया। इससे नेशनल हाईवे पर यातायात ठप हो गया। दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई। यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दो रोज पूर्व गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से कल्वर्ट पाइप बिछाई गई है। बारिश होने से इस स्थान पर सड़क में दलदल हो गई। दलदल की वजह से ट्रक के पहिये दलदल में धंस गए। इस वजह से 2 घंटे तक जाम लगा रहा। लोगों को कार्यालय जाने में भी देरी हुई। दो स्कूली वाहन भी जाम में फंस गए।
स्कूल बस चालक खेम सिंह ने बताया कि वह रोजाना की तरह बस को लेकर स्कूल जा रहे थे लेकिन यहां जाम लगने की वजह से दो घंटे की देरी हो गई। परिवहन निगम के ढलवानी रूट पर दौड़ रही बस तथा मंडप से आ रही निजी बस भी जाम में फंस गई। इससे कार्यालय जा रहे कर्मचारी भी अपने अपने कार्यालय देरी से पहुंचे।
परिवहन निगम की बस के चालक रमेश कुमार ने बताया कि जब कंपनी के एक ऑपरेटर से आग्रह किया कि कीचड़ और दलदल वाले स्थान पर कुछ कंक्रीट डाल दो तो उसने साफ मना कर दिया और कहा कि जब तक हमारे बड़े अधिकारियों का आदेश नहीं होता हम ऐसा नहीं कर सकते।
बॉक्स
सड़क मार्ग बाधित होने की सूचना मिलते ही सड़क को बहाल करने के आदेश जारी कर दिए थे। कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर मनप्रीत बाजवा को इस समस्या का समाधान करने के लिए कहा गया है। -जगदीश चंद्र, एसडीएम, कोटली।