हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की ग्राम पंचायत तांदी के गांव लाछ में बीती रात हुए दर्दनाक हादसे में कुलदीप कुमार(31) पुत्र नरपत राम निवासी लाछ की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हादसा रात लगभग 10:00 बजे उस समय हुआ जब गांववासी बरसात से बंद पड़े संपर्क मार्ग को खोलने का कार्य कर रहे थे। इस दौरान जेसीबी मशीन अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। हादसे में चालक कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत उसे एंबुलेंस के माध्यम से मंडी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुलदीप गरीब परिवार से संबंध रखता था। मृतक के पिता मजदूरी करते हैं जबकि माता गृहिणी हैं। कुलदीप अपने पीछे पत्नी, छह साल का बेटा और मात्र एक साल की बेटी छोड़ गया है। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे तांदी पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस चौकी पंडोह के प्रभारी अनील कटोच ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।