जोगिंद्रनगर (मंडी)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मकरीड़ी की स्वास्थ्य सुविधाओं और सेवा में विस्तार को लेकर वीरवार को जन आरोग्य समिति की बैठक हुई। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों और जिला परिषद सदस्य ने कई निर्णय लिए। निर्णय लिया कि स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की दवाओं के भंडारण को लेकर नए भवन का निर्माण किया जाएगा।
इसके अलावा मरीजों के लिए टेस्ट सेवाएं भी बढ़ेंगी। अब औषधीय पौधों की वाटिका का निर्माण भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जाएगा। इसे लेकर अस्पताल के प्रभारी डॉ. शिवम ने विभागीय उच्चाधिकारियों को योजना का प्रारूप सौंपा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित बैठक में जिला परिषद सदस्य विजय भाटिया, ग्राम पंचायत कुठेहड़ा की प्रधान रेखा देवी, द्रुब्बल के उप प्रधान राजेश गुलेरिया, विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में बजट पर चर्चा की गई। विजय भाटिया ने कहा कि बेहतर उपचार दिलाने के लिए चर्चा हुई है। संवाद