14वें दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में त्सो पेमा में होगा आध्यात्मिक आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
रिवालसर (मंडी)। विश्व शांति, करुणा और आपसी सद्भावना का संदेश लेकर 27 नवंबर को पवित्र नगरी रिवालसर में धम्मा वॉक निकाली जाएगी। त्सो पेमा (रिवालसर झील) में आयोजित होने वाले इस आध्यात्मिक कार्यक्रम के माध्यम से बौद्ध धर्म की शिक्षाओं, अहिंसा और नालंदा की प्राचीन ज्ञान परंपरा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
भारतीय हिमालयन काउंसिल ऑफ नालंदा बुद्धिस्ट ट्रेडिशन (आईएचसीएनबीटी) की ओर से न्यिंगमापा गोंपा रिवालसर और महाबोधि सोसायटी के सहयोग से कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। यह आयोजन 14वें दलाई लामा के 91वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य दलाई लामा की शिक्षाओं, दूरदर्शिता और नालंदा बौद्ध परंपरा के शाश्वत ज्ञान को स्मरण करना तथा उनके शांति और करुणा के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करना है।
आयोजकों के अनुसार 27 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक त्सो पेमा में विभिन्न आध्यात्मिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में टीके लोचेन टुल्कु रिंपोछे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे।