बकाया वेतन के भुगतान का उठा मुद्दा
जोगिंद्रनगर (मंडी)। हिमाचल किसान सभा के सह सचिव व माकपा नेता कुशाल भारद्वाज के नेतृत्व में सीटू के बैनर तले बकाया वेतन का भुगतान के लिए बुधवार को फिर से मच्छयाल और खद्दर साइट पर मजदूरों ने प्रदर्शन किया। इस अवसर पर सीटू के जोगिंद्रनगर कमेटी के सचिव रविकांत, प्रोजेक्ट कमेटी के प्रधान अशोक कुमार, सचिव प्रताप ठाकुर, खद्दर साइट के प्रधान राम सिंह, मच्छयाल साइट के सचिव कस्तुरी लाल, रमेश चंद, राकेश कुमार, पवन सेन आदि मजदूरों कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
मजदूरों को संबोधित करते हुए कुशाल भारद्वाज ने कहा कि प्रोजेक्ट निर्माण में विलंब के लिए बीवीपीसीएल प्रबंधन और कंस्ट्रक्शन कंपनी ही जिम्मेवार हैं। प्रोजेक्ट बनाना है तो श्रम कानूनों का पालन तो करना ही होगा। ऊहल प्रोजेक्ट में सात महीने से कंपनी ने मजदूरों व स्टाफ को वेतन का भुगतान किया। मजदूरों के मासिक वेतन का भी अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। अप्रैल और मई के एरियर का भुगतान भी अभी तक नहीं हुआ है। मजदूरों तथा कंपनी स्टाफ के कर्मचारियों के वेतन का भुगतान आज ही करना होगा। अन्यथा प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य ठप रहेगा।
इसके बाद बीवीपीसीएल अधिकारियों के साथ और यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें मजदूरों के वेतन का भुगतान आज ही करने, तथा स्टाफ के 6 महीने के बकाया वेतन में से दो महीने के वेतन का भुगतान करने, एक महीने के वेतन का भुगतान 21 अक्तूबर को करने तथा शेष बाकी के तीन महीनों के वेतन को अगले महीने देने बारे सहमति बनी। इस मौके पर यूनियन के प्रधान अशोक कुमार, सचिव प्रताप ठाकुर, राम सिंह और कस्तूरी लाल आदि मौजूद रहे।