मंडी। भारी गरमी के बाद अचानक बुधवार दोपहर को हुई बारिश ने शहर में जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया। बारिश के साथ चली अंधड़ से कन्या पाठशाला मंडी के परिसर में लगे पेड़ की टहनी टूट कर सड़क में गिर गई। इससे हालांकि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ लेकिन यातायात ठप हो गया। बाद में नगर परिषद के कर्मचारियों ने सड़क से पेड़ की टहनी हटाकर यातायात को बहाल करवाया। खलियार की लुगड़ भट्टी के पास पेड़ गिरने से बिजली का पोल टेढ़ा हो गया। इस कारण शहर में विद्युत आपूर्ति भी ठप पड़ गई है। बहाली का काम भी शुरू हो चुका था।
भारी बारिश से पानी नालियों के बाहर आने से सड़कों में भर गया। पल भर में ही शहर की सड़कें नाले में बदल गईं। इससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। शहर के वार्ड नंबर चार में बारिश से पानी सड़क पर आ गया। इससे अस्पताल जाने वाले और स्थानीय लोगाें को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासी अनिल कुमार, गोपाल, नागेश्वर, चंपा, प्रभु राम, शिवराम, नीरज कुमार, रोशन लाल, कमला देवी, नीलू, नंद लाल, इंद्रपाल, शुंकू राम, कला देवी और राजकुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि बुधवार दोपहर को अचानक शुरू हुई बारिश से शहर की सड़कें तालाब बन गई।
वहीं वार्ड नंबर चार रविनगर में नालियों के ओर फलो होने से पानी लोगों के घरों में घुस गया। बारिश से गंदा पानी स्थानीय निवासी नंद लाल, अनिल कुमार, सोम प्रकाश, तारू राम और हरदेव आदि के घरों के आंगन में भर गया। लोगों ने बताया कि तेज बारिश होने पर शहर के स्कूल बाजार, महाजन बाजार, चौहटा, डाकघर मार्ग और मोती बाजार से आने वाला गंदा पानी वार्ड नंबर चार रविनगर में नालियों से उछाल मारता हुआ लोगों के घरों में घुस जाता है। स्कूल बाजार और महाजन बाजार से आने वाले मुख्य नालों में गहराई और चौड़ाई कम होने से यह दिक्कत आती है। सीवरेज चैंबराें के बार-बार बंद होने से भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। लोगों ने इस समस्या का स्थाई समाधान करवाने की मांग की है। लोगों ने नगर परिषद एवं जिला प्रशासन से मांग की है बारिश के मौसम में सड़कों से बाहर बह रहे गंदे पानी की उचित निकासी के स्थाई प्रबंध करें।