सुंदरनगर (मंडी)। भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि केंद्र की कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार और प्रदेश की वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने शासनकाल में जनता को ठगने के सिवाय कुछ नहीं किया। केंद्र की गलत नीतियों से बढ़ी महंगाई और भ्रष्टाचार से आज देश में आम आदमी को अपने परिवार का भरण पोषण करना तक मुश्किल हो गया है। वीरभद्र सरकार ने सत्ता में आने से पहले जनता से दो सौ से अधिक वायदे किए थे। इनमें से एक भी वायदा पूरा नहीं कर पाए हैं। कहा कि काशी में मोदी के साथ छोटी काशी में भी भाजपा जीतेगी।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में राजा-रानी की नहीं अपितु जनता के आशीर्वाद से रंक की जीत होगी। यह जीत के बाद क्षेत्र में विकास का नया अध्याय आरंभ करेगा। सोमवार को भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा ने सुंदरनगर विस क्षेत्र के धारंडा, कलौहड़, पडसल, चुरढ़, स्वाड़ाघाट, खनोखर,चनौल, सोहर, अलसू, जांबला और देहरी में चुनाव प्रचार किया। इस मौके पर भाजपा के सुंदरनगर जिला अध्यक्ष राकेश जंबाल और पूर्व विधायक रूप सिंह भी उनके साथ रहे। रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि मंडी की आईआईटी हो, भंगरोटू में ईएचआईसी मेडिकल कॉलेज, रोहतांग टनल, किरतपुर -नेरचौक फोरलेन हो अथवा मंडी संसदीय क्षेत्र में बने दर्जनों पुल तथा सड़कें सभी पूर्व की भाजपा सरकारों की देन है। छह बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने वाले, तीन बार केंद्रीय मंत्री रहे वीरभद्र सिंह और उनकी सांसद पत्नी अपनी एक उपलब्धि बताए जो उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र को दी हो। इस मौके पर जिला महासचिव अरुण कौंडल, मीडिया प्रभारी अरुण कतना, सुभाष जगोता, भाजपा किसान मोरचा अध्यक्ष रामचंद्र शर्मा और मुकेश चंदेल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।