बिना अधिग्रहण के निजी भूमि पर चलाई जेसीबी
सुंदरनगर (मंडी)। निर्माणाधीन कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन का निर्माण करने वाली कंपनी की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नौलखा-डडौर में लोगों को नोटिस दिए बिना ही काम आरंभ करने के बाद अब पुंघ-चमुखा में भी कंपनी की मनमानी पर रोष जताया है। कंपनी की कार्यप्रणाली से गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क कटिंग का काम बंद करवा दिया है।
लोगों का कहना है कि कंपनी ने पुंघ-चमुखा हाइवे पर बिना भूमि अधिग्रहण के ही लोगों की मलकियत भूमि पर पेड़ काट दिए हैं तथा कटिंग का काम आरंभ कर दिया है। जिसके कारण सौजू राम के घर पर गिरने का खतरा मंडरा रहा है। कटिंग के मलबे के कारण मकान कभी भी जमींदोज हो सकता है। घर के आगे तथा ऊपर की तरफ जेसीबी से हुई भारी कटिंग के कारण परिवार के सदस्य घर छोड़कर दूसरी जगह पलायन करने पर मजबूर हो गए हैं। हाइवे के किनारे स्थित अन्य दर्जनों परिवार कंपनी की इस दादागिरी से भयभीत हैं। जिस पर लोगों ने एकजुट होकर फोरलेन की निजी भूिम पर चल रही कटिंग फिलहाल बंद करवा दी है।
वहीं सरकार व प्रशासन से मांग की है कि पहले कानूनी तौर पर लोगों की भूमि का मुआवजा प्रदान कर अधिग्रहण करे तथा उन्हें अन्य स्थान पर बसने के लिए उचित भूमि का चयन करें। अन्यथा वे इसके विरोध में सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। वहीं इस संबंध में उपमंडल अधिकारी (ना.) एचके मीणा ने इस मामले में आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।