खाद्य सामग्री में गुणवत्ता दरकिनार
मंडी। मंडी शहर में फैले पीलिया रोग के चलते स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने पड्डल शिवरात्रि मेला मैदान में दबिश दी। इस बीच स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खानपान की दुकानों में निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभाग को कई खाद्य सामग्री खराब मिलीं। जिस पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने सारी खराब खाद्य सामग्रियां फेंकवाई। विभाग की इस कार्रवाई से पड्डल में खाद्य कारोबारियाें में हड़कंप मच गया।
छापामारी के दौरान मेले में आइसक्रीम, समोसे, कलर मिठाइयां, तेल, खराब चटनी, तरी, चाइनीज डिश एवं सिड्डू गुणवत्ता के मानकों पर खरे नहीं उतरे। जिस पर विभाग ने सारी खराब खाद्य सामग्रियों को नष्ट कर दिया। स्वास्थ्य विभाग के साथ आईपीएच तथा नगर परिषद मंडी के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में पानी की व्यवस्था भी अव्यवस्थित पाई गई। जिस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापामारी के दौरान दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए। वहीं भविष्य में साफ-सफाई व पेयजल को लेकर सावधानी बरतने के सख्त निर्देश दिए।
जिला अस्पताल में गत एक सप्ताह से पीलिया के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार मेले में खराब और बासी वस्तुएं खाने से भी शहर में पीलिया फैल रहा है। वहीं खाद्य सामग्रियों में प्रयोग में लाए जाने वाला पेयजल भी गंदा होने से बीमारियां फैल रही हैं। हालांकि टीम ने किसी भी दुकानदार का चालान नहीं किया, लेकिन कारोबारियाें को सख्त चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में पेयजल और खाने-पीने की चीजें ढककर नहीं रख गई तो नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी।
वहीं इस संबंध में जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी मंडी एलडी ठाकुर के अनुसार मेले में छापामारी कर खराब खाद्य सामग्री को नष्ट किया गया है। दुकानदारों को स्वच्छता के सख्त निर्देश दिए गए हैं। कुछ दुकानदारों के यहां पीने के लिए उपयोग में लाया जा रहा पानी गंदा मिला है। जिससे भी लोगाें का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है।
वहीं इस संबंध में जिला स्वास्थ्य अधिकारी मंडी डॉ. एनके भारद्वाज के अनुसार लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए अभियान जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से आग्रह है कि वे खराब एवं बासी चीजें न खाएं। उबला पानी ही पीएं।