मंडी। कृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर कई स्कूलाें में कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चाें ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियां निकाली गईं। रंग-बिरंगे परिधानों एवं हाथ में बांसुरी लिए नन्हे बच्चाें ने बालकृष्ण की लीलाओं को उजागर किया। गोविंदा..आला ले आला.. गाने भी सुनाई दिए।
शहर के डीएवी लोअर शाखा मेें जन्माष्टमी को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए गए। नन्हे बच्चे राधा-कृष्ण के परिधानाें में सजकर स्कूल पहुंचे। इसके बाद नन्हें फनकाराें ने मनभावन कार्यक्रम आयोजित किए। स्कूल प्रांगण में झूला लगाया गया। वहीं, मटकी भी फोड़ी गई। स्कूल में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की गई। यह सब कार्यक्रम प्रधानाचार्य केएस गुलेरिया की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। प्रधानाचार्य ने बच्चाें तथा स्कूल स्टाफ को जन्माष्टमी की बधाई दी। वहीं, मंडी पब्लिक हाई स्कूल में जन्माष्टमी के उपलक्ष्य पर सुंदर झांकी निकाली गई। प्रधानाचार्य सुमन ठाकुर ने बच्चों को जन्माष्टमी की बधाई दी। उधर, सरस्वती विद्या मंदिर महाजन बाजार मंडी में भी जन्माष्टमी की खूब धूम मची। स्कूली बच्चों ने कृष्ण, ग्वाले, गोपियों एवं राधा की वेशभूषा में रासलीला और अन्य भक्ति गानों पर नृत्य पेश कर महोत्सव में चार चांद लगाए। बच्चाें को मिठाई बांटी गई। प्रधानाचार्य प्रकाश चंद वर्मा ने बच्चों, अध्यापकों तथा अभिभावकाें को जन्माष्टमी की बधाई दी।