पधर (मंडी)। चौहारघाटी की दुर्गम पंचायत बथेरी की सिविल डिस्पेंसरी में तैनात चिकित्सक को अन्यत्र डेपुटेशन पर भेज देने से ग्रामीणों में खासा रोष है। बथेरी और सनवाड़ पंचायत के लोगों ने सरकार और स्वास्थ्य महकमे से चिकित्सक को हटाने से नाराज हैं। लोगों और जन प्रतिनिधियों ने सरकार और विभाग को आगाह किया है कि सिविल डिसपेंसरी में तैनात चिकित्सक को वापस ड्यूटी पर नहीं भेजा तो बीएमओ पधर का घेराव कर सरकार के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
भाजपा नेता एवं पंचायत समिति सदस्य विद्या सागर शर्मा ने कहा कि विभाग के अधिकारी जानबूझ कर अड़ंगा डालकर सरकार की छवि को खराब कर रहे हैं। यहां तैनात चिकित्सक को विभाग ने डेपुटेशन पर पाली पीएचसी में भेज दिया है। जो नेशनल हाइवे पर स्थित है। जहां से पधर अस्पताल मात्र 10 और मंडी 15 किमी की दूरी पर है। शुक्रवार को बथेरी निवासी अजीत राम उपचार करने डिस्पेंसरी गया। वहां तैनात महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता ने जो दवाई दी उसको खाने से अजीत राम को इंफेक्शन हो गया। इस दौरान डाक्टर से मोबाइल पर राय लेने से उसे तुरंत इंजेक्शन दिया गया। इससे वह सामान्य हालत में आया।
इधर, सीएमओ मंडी अजय भानु गुप्ता का कहना है कि विभाग के पास चिकित्सकों के पद रिक्त हैं। बथेरी में तैनात चिकित्सक एक दिन छोड़ कर पाली में डेपुटेशन पर नियुक्त किए हैं। एक हफ्ते के भीतर विभाग बथेरी में नियमित डाक्टर की नियुक्ति कर देगा।