उरला (मंडी)। लोक निर्माण एवं राजस्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर ने कहा है कि इस साल प्रदेश में 2500 नए हैंडपंप लगेंगे। उन्होंने शुक्रवार को ग्राम पंचायत कधार तथा गुम्मा की छुटी हुई बस्तियों के लिए लगभग 85 लाख रूपये की लागत से निर्मित की जाने वाली पेयजल योजना का शिलान्यास किया। उन्होंने माता मंदिर मंदिर घटासनी में 12 लाख रूपये की लागत से निर्मित सराय भवन का उद्घाटन भी किया।
घटासणी में जनसभा को भी संबोधित करते उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत कधार में एक अन्य पेयजल योजना सरी में भी निर्मित की जा रही है। किसानों को सिंचाई सुविधा के लिए गुम्मा हार कुहल का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। वहीं गुम्मा में कुहल का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। रोपा पधर में लगभग एक करोड़ की लागत से पेयजल योजना का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू है। घटासणी में पशु औषधालय खोला गया है। रोपापधर से नेरघरवासड़ा-खारसा सड़क की डीपीआर तैयार कर ली गई है। थुल्लन सड़क के लिए भी धनराशि का प्रावधान किया गया है।
इससे पहले घटासणी पहुंचने पर ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं द्वारा लोक निर्माण मंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर एसडीएम जोगिंद्रनगर रतन गौतम, अधीक्षण अभियंता आईपीएच राकेश मल्होत्रा, वन मंडलाधिकारी पीएल गुप्ता, वन परिक्षेत्र अधिकारी उरला ओपी चंदेल, जिप सदस्य हेम सिंह, पंचायत समिति द्रंग के उपाध्यक्ष परमदेव यादव, पूर्व उपाध्यक्ष हेमराज ठाकुर, पंचायत प्रधान शकुंतला देवी और पूर्व प्रधान रघुनाथ भी मौजूद थे।