धर्मपुर (मंडी)। केंद्र सरकार ने प्रदेश में बाढ़ नियंत्रण और नदियों-खड्डों के तटीकरण के लिए 975 करोड़ रुपये की पांच बड़ी परियोजनाओं को हरी झंडी दी है। इससे प्रदेशवासी बड़े पैमाने पर लाभान्वित होंगे। यह जानकारी जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के अवसर पर दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिमला जिला में पब्बर नदी, सिरमौर में यमुना नदी, कांगड़ा में नकेड़ खड्ड, हमीरपुर क्षेत्र में सीर खड्ड और मंडी में सुकेती खड्ड के तटीकरण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बना कर स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजी थी। इसे केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है।
पब्बर नदी के तटीकरण पर 190 करोड़, यमुना के तटीकरण पर 250 करोड़, नकेड़ खड्ड के तटीकरण पर 231 करोड़, सीर खड्ड के तटीकरण पर 165 करोड़ और सुकेती खड्ड के तटीकरण पर 139 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने इन परियोजनाओं को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार जताया।
....