सरकाघाट/पटड़ीघाट (मंडी)। ग्राम पंचायत चौक के डोह में शुक्रवार को एक कार सवार पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। तेंदुए के डर से चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और कार पैरापिट से जा टकराई। हालांकि हादसे में चालक को कोई चोटें नहीं आईं परंतु कार को काफी नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार मोहन लाल पुत्र भूपेंद्र कुमार वीरवार देर रात रिवालसर से अपने घर चमरानी जा रहा था। उसी समय डोह नामक स्थान पर पहुंचते ही एक तेंदुए ने अचानक कार के ऊपर झपटा मारा। डर के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार पैरापिट से जा टकराई। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी तेंदुआ एक व्यक्ति पर हमला कर चुका है। उन्होंने वन विभाग से आग्रह किया है कि इस तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ा जाए ताकि लोगों को इसके खौफ से निजात मिल सके। उधर, इस बारे में वन परिक्षेत्र अधिकारी वीरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा।
000