पैर फिसलने से तीन लोग खाई में गिरे, एक की मौत
बालीचौकी के लौंन की घटना, दो लोग गंभीर घायल
पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
बालीचौकी (मंडी)। रविवार देर शाम बालीचौकी तहसील मुख्यालय के साथ लौंन नामक स्थान पर ढांक से पैर फिसलकर तीन लोग खाई में जा गिरे। इनमें एक की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य गंभीर घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक तीनों लोग जब शाम को किसी समारोह से लौटकर घर आ रहे थे तो तीनों का पैर फिसला और नीचे गिर गए। घायलों की चीखें सुनकर लोग वहां पहुंचे और सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं न मिलने पर रोगियों को बालीचौकी के एक निजी क्लीनिक में पहुंचाया। यहां इनकी हालत खराब होने के कारण परिजन सिविल अस्पताल मंडी ले गए। मंडी जोनल अस्पताल में चिकित्सकों ने 55 वर्षीय दौलत राम पुत्र सुंदर को मृत घोषित कर दिया। इस घटना में घायल 33 वर्षीय ज्ञान चंद पुत्र महंत राम और हीरा लाल पुत्र हेमराज का मंडी अस्पताल में इलाज चल रहा है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। उधर, एसपी गुरदेव शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
108 मिली न मिला प्राथमिक उपचार
बालीचौकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को घायलों का प्राथमिक उपचार भी नहीं हो पाया और न ही 108 घायलों को मिल पाई। स्थानीय लोगों का कहना था कि जब हादसे के चलते लोग घायलों को सरकारी अस्पताल ले जाने लगे तो बताया गया कि डॉक्टर कहीं बाहर है, जिस कारण एक निजी क्लिनिक में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। इस दौरान 108 की सेवाएं भी जब परिजनों ने लेनी चाही तो 108 के कर्मचारियों ने बताया कि गाड़ी तीन दिन से खराब है। लोगों हेमराज, ललित कुमार, सतीश कुमार, विशाल आदि ने बदहाली का शिकार हो रही स्वास्थ्य सेवाओं की सुध मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से लेने की गुहार लगाई है।