सुंदरनगर (मंडी)। डैहर क्षेत्र में एक के बाद एक डेंगू के मामले सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। अब तक यहां करीब 11 मामले चिहिंत किए जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को विभिन्न इलाकों में फागिंग करवाई। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ठाकुर ने बताया कि खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. धर्म सिंह वर्मा की देखरेख में डैहर के मुख्य बाजार से लेकर श्री सत्यनारायण मार्केट, विश्राम गृह, विवेकानंद स्कूल, श्री सत्यनारायण मंदिर और साथ लगती बस्ती तथा कई अन्य स्थानों पर फगिंग की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों को घरों के आसपास ज्यादा से ज्यादा साफ-सफाई रखने व पानी को जमा न होने देने का आह्वान किया। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि डैहर में डेंगू संभावित क्षेत्रों में विभाग ने फॉगिंग करवाई है। सीएमओ मंडी डॉ. जीवानंद चौहान ने कहा कि डेंगू मच्छर केवल साफ रुके हुए पानी में ही पनपता है। इसलिए किसी भी जगह पानी को एकत्रित न होने दे।