मंडी/नेरचौक। शहरी आवास मंत्री सरवीण चौधरी ने कहा कि शहरी निकायों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए 95 पद भरे जाएंगे। 14 जूनियर तथा 37 सफाई निरीक्षकों की नियुक्ति आउट सोर्स आधार पर की जाएगी। 44 लिपिकों के पद कर्मचारी चयन आयोग के तहत भरे जाएंगे। मंत्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में मंडी और कुल्लू जिला के शहरी निकायों के जन प्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के लिए एक दिवसीय कार्यशालाकी अध्यक्षता कर रही थीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शहरी निकायों को सबसे बड़ी चुनौती घरों, प्रतिष्ठानों, उद्योगों, कारखानों, अस्पतालों से निकलने वाले कूड़े-कचरे को वैज्ञानिक तरीके से ठिकाने लगाने की है। इसके लिए प्रदेश सरकार प्रभावी कदम उठा रही है। मंत्री ने कहा कि पार्किंग निर्माण के लिए सुंदरनगर को एक करोड़, मनाली के लिए 60 लाख तथा जोगिंद्रनगर के लिए 50 लाख रुपये जारी हो चुके हैं। अमृत मिशन योजना के तहत कुल्लू शहर के लिए 66 करोड़ मंजूर हुए हैं।