अमर उजाला ब्यूरो
सरकाघाट (मंडी)। दो माह पहले टारिंग के बाद चकाचक छह किमी लंबी डली-दारपा-हरलोट-रखोह सड़क का जेसीबी लगाकर उखाड़ा 55 मीटर का हिस्सा लोक निर्माण विभाग ने दुरुस्त करवाकर चार पंचायतों की यातायात सुविधा के लिए खोल दिया है। इस हिस्से को न केवल उखाड़ा गया था, बल्कि चार से पांच फीट गहरा खोद दिया गया है। ग्रामीणों की शिकायत को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके साथ ही पुलिस में मामला भी दर्ज हुआ और अब लोनिवि ने सड़क को ठीक करके दोबारा यातायात सुविधा के लिए खोल दिया है। इसके अलावा सवा तीन लाख के नुकसान का केस भी विभाग ने किया है। गौरतलब है कि टारिंग के बाद सपाट सड़क का शुभारंभ आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ने निगम की बस को भी हरी झंडी दिखाने के साथ किया था। लेकिन दो माह बाद ही सार्वजनिक प्रयोग में लाए जा रहे मार्ग को ही उखाड़ दिया गया। बस सेवा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी ठप पड़ गई। सड़क बहाल होने पर दारपा पंचायत प्रधान राजू देवी, पूर्व प्रधान कमलेश नेगी, उप प्रधान सुनील कुमार, कश्मीर सिंह, दिनेश कुमार, जोगिंदर पाल कृष्णचंद, बलवीर सिंह, कर्म सिंह, विजय भारद्वाज आदि का कहना है कि सड़क बंद होने से बकारटा, रखोह, दारपा, बसंतपुर पंचायतों के धार हरलोट, बदार, डोडर कलोट आदि गांवों के लोगों को दिक्कत हो रही थी। अब लोगों को राहत मिल गई है।
डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने कहा कि सड़क को दुरुस्त कर दिया गया है। सड़क उखाडने के लिए प्रयोग में लाई जेसीबी अभी भी जब्त है।