चौंतड़ा (मंडी)। क्षेत्र में लावारिस पशुओं के आतंक से लोग तंग आ गए हैं। अब तो घर आंगन में भी लावारिस बैल हमला बोलने लगे हैं। सगनेहड पंचायत के गांव स्वाड़का में बुधवार सुबह सांड़ ने एक बुजुर्ग महिला पर हमला करके उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया है। वह अपने घर के आंगन में बैठी थी। लोगों ने घायल महिला को पीएचसी पहुंचाया, जहां से उसे पपरोला रेफर कर दिया। इससे पहले भी सांड़ कई लोगों पर हमला बोल घायल कर चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक स्वाड़का गांव में बुजुर्ग महिला कांता देवी (80) पत्नी प्रेम सिंह अपने घर के आंगन में बैठ कर कार्य कर रही थी, तो वहां से गुजर रहे एक सांड़ ने आंगन में घुसकर महिला पर हमला कर दिया। महिला के सिर, पीठ और टांगों पर सींगों के प्रहार किए। वृद्धा को बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। महिला के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर लोगों ने वहां पहुंचकर मशक्कत के बाद हमला करने वाले सांड़ को खदेड़ा। महिला की हालत को देखते हुए स्वाड़का निवासी आशा वर्कर सुलक्षणा राठौर ने घायल महिला को प्राथमिक उपचार मुहैया करवाया और उसे लोगों के सहयोग से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौंतड़ा पहुंचाया। महिला को गंभीर हालत को देखकर स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल पपरोला को रेफर कर दिया गया।
कांता निर्धन परिवार से संबंध रखती है। कुछ वर्ष पूर्व कोटरोपी (द्रगं) से यहां परिवार पालन और कार्य की तलाश में बसे थे। पति स्वाड़का गांव में ही लुहार का कार्य करता है। स्वाड़का के अंजीव राठौर ने उन्हें घर बनाने के लिए जमीन मुफ्त दी थी। इस परिवार की पिछले कुछ वर्षों से मुसीबतें कम नहीं हो रही हैं। दोनों का जवान बेटा पहले ही किसी हादसे में गुजर चुका है। इस घटना को एक वर्ष भी नहीं हुआ है। अब फिर परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों में अंजीव, राजकुमार, सीमा देवी, विनोद कुमार, संजय कुमार और अन्य लोगों ने प्रशासन से गरीब परिवार की आर्थिक मदद करने की मांग की है।