लदरुही में विहिप के कार्यालय का लोकार्पण
चौंतड़ा (मंडी)। रामनवमी के पावन अवसर पर विहिप के अंतर्राष्ट्रीय महामंत्री दिनेश चंद्र ने श्रीरामकृष्ण आश्रम लदरुही में विहिप की जोगिंद्रनगर शाखा के कार्यालय का लोकार्पण किया। इस कार्यालय के लोकार्पण पर मुख्यातिथि विहिप के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री दिनेश चंद्र ने कहा कि राष्ट्रभक्ति ही सभी गुणों की जननी है, जिसके लिए विहिप पूरी तरह कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को देश हित के लिए सभी वर्गों को जागरूक करना होगा। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की 85 हजार समितियां और उपसमितियां इस कार्य को करने के लिए पूरी तरह से प्रयासरत हैं। मंदिर प्रांगण में धार्मिक अनुष्ठान, भजन कीर्तन, पूर्णाहुति और भंडारे का आयोजन भी किया गया। इस दौरान महात्मा गोबिंद दास को पुष्प और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मंदिर संचालक 1008 महात्मा राम सरनदास महंत, सांसद रामस्वरूप शर्मा, महामंत्री पंकज जम्वाल, डॉ. कुलदीप अग्निहोत्री, लेखराज राणा, निरंजन, ज्योतिषाचार्य विजय कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।