आईटीआई मंडी में निर्वाचन साक्षरता पर करवाई प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मंडी में 33-मंडी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता शिक्षा विषय पर निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाई गई। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में 6 महाविद्यालयों और 16 विद्यालयों सहित कुल 22 शिक्षण संस्थानों के 83 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें 42 प्रतिभागियों ने निबंध लेखन और 41 ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाई।
कार्यक्रम में सदर मंडी के एसडीएम चंद्र प्रकाश ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि सदर निर्वाचन कार्यालय की प्रभारी नीलम ने समन्वयक की भूमिका निभाई। इस दौरान एसडीएम ने युवाओं को संबोधित करते हुए मतदान के महत्व, मताधिकार के प्रति जागरूकता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में जागरूक मतदाताओं की अहम भूमिका होती है। कार्यक्रम के अंत में सभी 83 प्रतिभागियों को अतिथियों की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं के परिणाम आगामी 18 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इस अवसर पर आईटीआई मंडी के प्राचार्य इंजीनियर अजेश कुमार, ग्रुप इंस्ट्रक्टर चमन वर्मा, निर्वाचन साक्षरता क्लब के सदस्य महेंद्र पाल, बलदेव चंद, उपासना ठाकुर और अखिल नरयाल सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के कर्मचारी उपस्थित रहे।