मंडी। शिक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को जिले के चार बड़े निजी स्कूलों पर दबिश देकर उनका रिकार्ड खंगाला है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक अशोक कुमार शर्मा ने अपनी टीम के साथ अचानक इन स्कूलों पर दबिश दी और इनका पूरा रिकार्ड जांचा। उन्होंने रिवालसर क्षेत्र के यूनिटी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, त्रिसंगम पब्लिक स्कूल और सरस्वती विद्या मंदिर का औचक निरीक्षण किया। इससे पहले उन्होंने भांबला में हिल ब्यू पब्लिक स्कूल का भी निरीक्षण किया। स्कूलों के सभी दस्तावेज, स्कूल भवनों, खेल मैदानों, प्रयोगशालाओं तथा कक्षाओं का निरीक्षण किया। उधर, इस बारे में उच्च उपनिदेशक अशोक शर्मा ने कहा कि उन्होंने बुधवार को रिवालसर और भांबला में चार निजी स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ कमियां पाई गई हैं, जिन्हें स्कूलों को तुरंत पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। स्कूलों को प्रपत्र भी दिए गए हैं जिन्हें भरकर दस्तावेजों सहित कार्यालय में जमा करवाने के आदेश दिए गए हैं।
000