बालीचौकी (मंडी)। ग्रामीण कामगार संगठन बालीचौकी के बैनर तले शनिवार को मनरेगा मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ खूब भड़ास निकाली। प्रदर्शन में महिलाओं ने मनरेगा एक्ट को लागू करने की मांग की। इस दौरान तहसील कार्यालय के बाहर संबोधित करते हुए ग्रामीण कामगार संगठन के अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य संत राम ने कहा कि सराज के मनरेगा मजदूरों ने 2 वर्ष पूर्व वाशिंग मशीन, सोलर लैंप, साइकिल और इंडक्शन हीटर के लिए आवेदन किया है लेकिन अभी तक मजदूरों को स्वीकृति नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के बच्चों को योजना के तहत छात्रवृत्ति चेक भी नहीं मिले हैं। सराज में प्रशासन को बार-बार लिखे जाने के बावजूद मनरेगा को जमीनी स्तर पर लागू नहीं किया जा रहा है। क्षेत्र की किसी भी पंचायत में मजदूरों को आवेदन के बाद रसीद नहीं दी जाती है। मनरेगा मजदूरों ने इस दौरान तहसीलदार व बीडीओ बालीचौकी के माध्यम से मुख्यमंत्री को 4 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। इसमें क्षेत्र में श्रमिक कल्याण बोर्ड का कार्यालय खोलने की मांग भी रही। इस दौरान जयचंद, दिव्या ठाकुर, दीप चंद राणा, गीता शर्मा, डोलमा देवी, राधा देवी, दवेंद्र कुमार, विद्या देवी, भीमा देवी, पार्वती देवी व ढाली देवी सहित अन्य महिलाओं ने भी भाग लिया।
000