सुंदरनगर(मंडी)। बेरोजगार कला अध्यापक संघ ने प्रदेश सरकार से कला अध्यापक के पद बैचवाइज अथवा कमीशन के माध्यम से भरने की मांग उठाई है। संघ का तर्क है कि एसएमसी के माध्यम से बैक डोर एंट्री की प्रथा बंद की जाए।
संघ की सुंदरनगर इकाई के नवनिर्वाचित प्रधान अध्यक्ष भीम राज और सचिव मोहन सिंह ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा विभाग की एसएमसी के माध्यम से बैक डोर एंट्री को बंद करने और कला अध्यापक के रिक्त पद बैचवाइज से भरने की मांग को लेकर शीघ्र ही प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और शिक्षा मंत्री से मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कला अध्यापक के वर्ष 1998 के प्रशिक्षित अभी तक सरकार की ओर आस की नजरों से देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगार कला अध्यापक संघ की सुंदरनगर इकाई कला अध्यापकों की मांगों को लेकर प्रदेश कार्यकारिणी के सहयोग से आगामी रणनीति तय करेगा।
रविवार सुबह इससे पहले मुनी लाल की अध्यक्षता में बेरोजगार कला अध्यापक संघ की सुंदरनगर इकाई का पुनर्गठन किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से भीम राज को अध्यक्ष, गिरधारी लाल को उपप्रधान, मोहन सिंह को सचिव, कर्म सिंह को कोषाध्यक्ष, मुनी लाल को सलाहकार चुना गया है। जबकि राकेश कुमार, हेत राम, पवन कुमार, शिव राम और सुरेश कुमार को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया है।