जोगिंद्रनगर (मंडी)। क्षेत्र के हारगुनैन पंचायत में पाली-शानन उच्च पाठशाला के भवन में 60 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इस स्कूल भवन को निरीक्षण के बाद असुरक्षित घोषित कर दिया गया है। लेकिन, नैनिहालों की जान को जोखिम में डालकर यहां पर पढ़ाया जा रहा है। गत सप्ताह एसडीएम जोगिंद्रनगर अमित मैहरा के नेतृत्व में शिक्षा और लोक निर्माण विभाग की टीमों ने मिल कर पाठशाला के भवन का निरीक्षण किया था। इसके बाद उक्त पाठशाला के भवनों को असुरक्षित घोषित किया। यहां पर किसी भी प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाने का फैसला लिया गया। इतना ही नहीं लोक निर्माण विभाग द्वारा लिखित रूप से प्रशासन को रिपोर्ट भी सौंपी थी, लेकिन स्कूल प्रशासन की ओर से इन सभी बातों को दरकिनार करते हुए पिछले दो दिन से बारिश में भी पाठशाला के तकरीबन 60 बच्चों को उसी असुरक्षित भवन में शिक्षा प्रदान की जा रही है। द्रंग ब्लॉक पंचायत समिति अध्यक्ष अविकल शर्मा ने प्रशासन से मांग की है कि वह वैकल्पिक तौर पर चिन्हित किए गए भवन में पाठशाला के बच्चों की कक्षाएं शुरू करें अथवा फिर कोई उचित प्रावधान न होने तक स्कूल को बंद रखा जाए।
स्कूल की मुख्य अध्यापिका सीता देवी ने कहा कि विभाग द्वारा स्कूल को बंद करने और किसी प्रकार का वैकल्पिक प्रबंध न होने के कारण विवशता पूर्वक बच्चों को जर्जर भवन में ही शिक्षा प्रदान करनी पड़ रही है।
...
वैकल्पिक भवन चिहिन्त : अमित
एसडीएम जोगिंद्रनगर अमित मैहरा ने कहा कि स्कूल के भवन का निरीक्षण किया गया। जब तक कोई वैकल्पिक प्रबंध नहीं हो जाता तब तक अस्थायी तौर पर एक अन्य भवन में बच्चों की कक्षाएं चलाई जाएंगी।
000