थुनाग (मंडी)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज के भराड़ी में आयोजित जनसभा में कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सुराह में स्वास्थ्य उपकेंद्र खोला जाएगा। इससे स्थानीय आबादी को घर-द्वार ही उपचार की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री सोमवार को बगलामुखी मंदिर परिसर में आयोजित मेले के समापन समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मंदिर तक पहुंचने वाली सड़क के विस्तार के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही बगलामुखी मंदिर परिसर के मेला मैदान में सामुदायिक भवन बनाने के लिए 25 लाख रुपये देने की बात कही। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने क्षेत्र के 11 महिला मंडलों को 11-11 हजार की राशि देने की घोषणा की। इससे पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपनी पत्नी डॉ. साधना के साथ बगलामुखी मंदिर में शीश नवाया और आशीर्वाद लिया। इस मौके पर अनेक सामाजिक, सांस्कृतिक तथा राजनीतिक संगठनों ने सम्मानित किया। स्थानीय ग्राम पंचायत के प्रधान तजिंद्र ठाकुर ने सीएम की घोषणाओं का स्वागत किया। चार दिवसीय इस मेले में पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित हजारों लोगों ने भाग लिया। उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर, पुलिस अधीक्षक गुरदेव चंद शर्मा, लोक निर्माण और विद्युत बोर्ड के मुख्य अभियंता आदि मौजूद रहे।