सुंदरनगर (मंडी)। चार किलो दो ग्राम चरस के साथ धरे गए हरियाणा निवासी दो आरोपियों को पुलिस रिमांड समाप्त होने पर रविवार को फिर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बीते बुधवार को सुंदरनगर पुलिस के दल ने नाके के दौरान पंजाब रोडवेज की बस में सवार तरुण कुमार (25) निवासी वार्ड नंबर 21, अनुपम स्कूल कृष्णा कालोनी जिला पलवल हरियाणा और बाबू राम (26) निवासी वलोचा, झाड़फेटली बल्लभगढ़ जिला फरीदाबाद हरियाणा के पास से चार किलो दो ग्राम चरस बरामद की थी। इसके उपरांत पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। अदालत में पेश करने पर आरोपियों को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड मिली थी। रविवार को फिर अदालत में पेश किया। जहां अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं। थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने चरस के आरोपियों को अदालत की ओर से न्यायिक हिरासत में भेजने की पुष्टि की है। ब्यूरो